दिल्ली में है 'पापी बाबा' के 8 आश्रम, हाईकोर्ट करेगा 4 जनवरी को सुनवाई
शुक्रवार को एक बार फिर दिल्ली हाईकोर्ट में दिल्ली के विजय विहार स्थित आध्यात्मिक विश्वविद्यालय में यौन शोषण मामले पर सुनवाई हुई. चाइल्ड वेलफेयर कमिटी और दिल्ली महिला आयोग ने कोर्ट को जानकारी दी कि काफी मशक्कत के बाद 41 लड़कियों और महिलाओं को रेसक्यू कर नारी निकेतन भेज दिया गया है.
साथ ही कोर्ट से ये भी कहा गया कि आध्यात्मिक विश्वविद्यालय के अनुयायी ने उन्हें चोट पहुंचाई है, जिस पर कोर्ट ने आध्यात्मिक विश्वविद्यालय को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोबारा स्पेशल टीम के सदस्यों को चोट पहुंचाई गई तो गंभीर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें. साथ ही कोर्ट ने स्पेशल टीम को कहा कि कानून के मुताबिक जो कुछ बनता है उसे करें. हाईकोर्ट के आदेश का इंतज़ार न करें.
साथ ही कोर्ट ने आध्यात्मिक विश्वविद्यालय की अनुयायी महिलाओं को फटकार लगाई कि ये कौन सी पढ़ाई है जिसमें छोटी बच्चियों को कैद किया जाता है. लेकिन कोर्टरूम में अनुयायी महिलाएं बार-बार कहती रहीं कि अपनी मर्जी से सारी लड़कियां आश्रम में रहती हैं. कोर्ट ने अनुयायियों से पूछा कि दिल्ली में आध्यात्मिक विश्वविद्यालय के कितने आश्रम हैं. जिस पर आध्यात्मिक विश्वविद्यालय के वकील ने कहा एक जबकि शिकायतकर्ता ने कहा कि ऐसे 8 आश्रम दिल्ली में है. जिसके बाद कोर्ट ने सभी 8 आश्रमों की डिटेल मांगी.
हाईकोर्ट अब इस मामले में 4 जनवरी को सुनवाई करेगा. तब तक सीबीआई की एसआईटी टीम समेत सभी एजेंसियों को कानून के मुताबिक जांच करने का निर्देश दिया है.
Comments
Post a Comment